न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
ओडिशा के राउरकेला में नया अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम बना रहा है जिसमें 20,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी, इसके बारे में कहा जा रहा है कि भारत ही नहीं विश्व का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा। यह स्टेडियम अक्टूबर तक बन कर तैयार हो जायेगा। स्टेडियम बन जाने के बाद यहीं 2023 का हॉकी विश्व कप खेला जायेगा। बता दें, हॉकी विश्व कप 2023 की मेजबानी भारत को मिली है और टूर्नामेंट के सभी मैच ओडिशा के दो स्थानों, भुवनेश्वर और राउरकेला में खेले जायेंगे।
सबसे महत्वपूर्ण बात है राउरकेला में नवनिर्मित स्टेडियम का नाम है। इसका नाम सुनकर हर झारखंडवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जायेगा। क्योंकि इसका नाम झारखंड के भगवान, धरती आबा वीर बिरसा मुंडा के नाम पर रखा गया है।
बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम सुंदरगढ़ जिले में बन रहा है। बन कर तैयार हो जाने के बाद आने वाले दिनों में यह स्टेडियम सुंदरगढ़ जिले की शान बन जाएगा। सुन्दरगढ़ हॉकी खिलाड़ियों की पौध देने के लिए विख्यात है। इस क्षेत्र ने दिलीप तिर्की, लाजर बारला सरीखे कई अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिये हैं।
विख्यात कंपनी लार्सन टूब्रो स्टेडियम तैयार करने में लगी है। राउरकेला के बीजू पटनायक प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर में 20 एकड़ बन रहे स्टेडियम की नींव फरवरी 2021 में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रखी थी। उद्घाटन करते समय उन्होंने कहा था कि हॉकी की भावना सुंदरगढ़ जिले की मिट्टी, हवा और पानी में है। अब इसने विश्व मानचित्र पर खुद को स्थापित कर लिया है। 2023 में होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप के मैचों की मेजबानी के लिए राउरकेला को चुने जाने को उन्होंने गर्व की बात कहा था।
स्टेडियम में वर्ल्ड क्लास स्तर की सुविधाएं
200 करोड़ रुपयों की लागत से बन रहा बिरसा मुंडा स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। स्टेडियम में चेंजिंग रूम, एक फिटनेस सेंटर और एक हाइड्रो-थेरेपी पूल के साथ अभ्यास मैदान भी होगा। स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवासीय परिसर भी बनाया जायेगा।इस पर 100 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत आयेगी।
स्टेडियम में दर्शकों को होगा खास अनुभव
स्टेडियम में सीट की बनावट इस प्रकार है कि हर दर्शक को दुनिया के किसी भी स्टेडियम के मुकाबले बेहतर अनुभव करेगा। मानो मैदान के वह ज्यादा करीब है। यानी मैच देखने का रोमांच किसी भी स्टेडियम से ज्यादा होगा
झारखंड के खेल अधिकारी जमकर कर रहे तारीफ
राउरकेला में बन रहे बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम की झारखंड के खेल अधिकारियों ने जमकर तारीफ की है। हॉकी झारखंड और ओडिशा के प्रमुख भोला नाथ सिंह मानते हैं कि नवनिर्मित स्टेडियम देश ही नहीं, दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम होगा। अगले वर्ष राउरकेला में जो विश्व कप होगा वह देश के राष्ट्रीय खेल को एक नयी ऊर्जा प्रदान करेगा। झारखंड और ओडिशा के साथ पूरे देश की हॉकी की विरासत और समृद्ध होगी।