न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत RJD से बर्दाश्त नहीं हो रही है। RJD ने यहां तक कि नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री पद छोड़ने की मांग कर डाली है। इस उपचुनाव में महागठबंधन की तरफ से लड़ रहे JDU उम्मीदवार मनोज कुशवाहा थे, जिन्हें BJP केदार गुप्ता के हाथों मात खानी पड़ी। इस हार पर RJD की प्रतिक्रिया भी आ गयी है। उसने इस हार को महागठबंधन की हार नहीं मानते हुए सारा ठीकरा नीतीश कुमार के सिर फोड़ दिया है। RJD की तरफ से यह प्रतिक्रिया दी है पार्टी के पूर्व MLA अनिल सहनी ने। सहनी ने नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर तेजस्वी यादव को कुर्सी सौंपने की मांग कर डाली है।
अनिल सहनी ने कहा कि ये हार नीतीश कुमार की जिद के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने गोपालगंज एवं मोकामा की तरह यहां भी ठीक से प्रचार नहीं किया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी का उम्मीदवार खड़ा नहीं कर त्याग किया है। अब त्याग करने की बारी नीतीश कुमार की है। वह पद से इस्तीफा दे दें और महागठबंधन को मजबूत करने के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनायें।
बता दें, कुढ़नी विधानसभा सीट से अनिल सहनी RJD विधायक थे। एमपी-एमएलए कोर्ट से अयोग्य ठहराए जाने के बाद यह उपचुनाव हुआ था। इस सीट पर RJD की जगह JDU ने अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा था। 2020 के चुनाव में RJD से कड़े मुकाबले में 712 वोटों से हारने वाले केदार गुप्ता इस महागठबंधन के उम्मीदवार पर भारी पड़े। यही कारण है कि महागठबंधन प्रत्याशी की हार अनिल सहनी को पच नहीं रही है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: गढ़वा में CM हेमंत ने किया आह्वान- ‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना’ का उठाये लाभ