न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
पटना-रांची रोड नेशनल हाईवे-31 पर अपराधियों ने सोमवार रात ताबड़तोड़ गोलियां चला कर डॉक्टर दंपती को घायल कर दिया है। दोनों की हालत नाजुक बतायी जा रही है। घटना नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के राजा देवर गांव की है। दंपती जब क्लीनिक बंद कर वापस घर लौट रहा था तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। स्थानीय लोगों ने दोनों सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। दंपती की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के फरहा गांव निवासी डॉ. रवि रंजन और उनकी पत्नी ज्योति सिन्हा के रूप में हुई है। पति-पत्नी पेशे से डॉक्टर हैं और नवादा के पुरानी जेल रोड में क्लीनिक चलाते हैं। जैसे ही वे राजा देवर के पास पहुंचे सामने से बाइक सवारों उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। डॉक्टर रवि रंजन के सीने में दो गोलियां लगी हैं जबकि उनकी पत्नी ज्योति सिन्हा के पेट में गोली लगी है।
घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका
माना जा रहा है कि किसी जमीन विवाद में डॉक्टर दंपती की हत्या का प्रयास किया गया है। घायल रवि रंजन ने बताया कि नवादा के सद्भावना चौक के पास 13 धुर जमीन की खरीद की बात चल रही थी। जमीन के लिए उन्होंने पप्पू और प्रदीप को 13.50 लाख रुपये भी दे दिये थे, लेकिन जमीन का मालिक रजिस्ट्री करने को तैयार नहीं था। माना जा रहा है कि पति-पत्नी की हत्या का प्रयास इसी टालमटोल का नतीजा हो सकता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2022: आज थम जायेगा प्रथम चरण के प्रचार का शोर, 58 सीटों पर कई हस्तियों की प्रतिष्ठा है दांव पर