न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
भारत का टाटा ग्रुप देश ही नहीं पूरी दुनिया में एक भरोसे का नाम है। रतन टाटा इसके चेयरमैन रह चुके हैं। गुजरात के सूरत शहर में जन्मे रतन टाटा ने टाटा समूह को नई ऊंचाई तक पहुंचाया। लेकिन कुछ लोगों ने उनके नाम का इस्तेमाल कर ‘ठगी की फैक्ट्री’ खोल ली है। टाटा के इस विश्वास और भरोसे का ठगों ने फायदा उठाना शुरू कर दिया है। रतन टाटा के नाम पर ठगी की जा रही है। हाल ही में रतन टाटा ने अपना 85वां जन्म दिन मनाया। इसी को ठगों ने अपना हथियार बनाया है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि रतन टाटा अपने जन्मदिन की खुशी में अपने सभी भारतीय यूजर को ₹479 का 56 दिन के लिए फ्री रिचार्ज दे रहे है। लोगों से कहा जा रहा है कि अगर आपके पास Jio, Vi, Airtel का नंबर है तो आप नि:शुल्क रिचार्ज पा सकते है। इसके नीचे रिचार्ज करने का लिंक भी दिया जा रहा है।
इस मैसेज से सावधान रहें। टाटा समूह की ओर से इस तरह का कोई ऑफर नहीं दिया गया है। यह लोगों को ठगने के लिए ठगों की ओर से टाटा समूह के विश्वास को भुनाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे किसी मैसेज को न खुद तवज्जों दें और ही किसी को इसे फॉरवर्ड करें। जितना भी सम्भव हो इसकी सच्चाई जरूर लोगों को बताएं।
यह भी पढ़ें: Sahara India के चेयरमैन और निदेशकों के खिलाफ शिकायतवाद, सरकार लेगी एक्शन!