न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
शुक्रवार को भोजपुरी युवा विकास मंच एवं डांस वांस संस्था ने मिलकर नाट्यालय में सरस्वती पूजा के पूर्व संध्या पर कलाकारों के विकास एवं उनके हक के लिए एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें सभी कलाकारों ने सरकार से मांग की कि उन्हें भाषाओं में ना बाटें, क्योंकि कलाकार की कोई भाषा नहीं होती है। वे सिर्फ कला की भाषा जानते हैं। जो सम्मान बॉलीवुड कलाकारों को झारखंड में प्राप्त है, वही सम्मान हमें अपने राज्य में मिले।
इस अवसर पर दिवंगत मशहूर कलाकार बंटी सिंह जी को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलाकारों ने संगोष्ठी के माध्य्म से झारखंड सरकार के सामने कलाकारों ने कई मांगें रखीं।
- झारखंड के सभी कलाकारों को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
- झारखंड में जल्द से जल्द फिल्म सिटी का निर्माण हो।
- झारखंड में निर्मित फिल्में, चाहे वे किसी भी भाषा की हों, उन्हें मल्टीप्लेक्स में लगाना अनिवार्य किया जाए।
- रजिस्टर्ड नाट्य संस्थाओं को अपने नाटक का प्रदर्शन करने के लिए निःशुल्क ऑडिटोरियम मुहैया कराया जाए।
- सभी कलाकारों का सरकार के द्वारा स्वास्थ्य बीमा कराया जाये एवं वरिष्ठ कलाकारों के लिए सरकार के द्वारा पेंशन योजना के तहत पेंशन उपलब्ध कराया जाए।
- झारखंड फिल्म नीति के अंतर्गत झारखंड की क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 50% का अनुदान दिया जाए।
- झारखंड में ऐसी फिल्म सिटी एवं कला विश्वविद्यालय कि स्थापना की जाए जहां सभी भाषा के कलाकार गौरवान्वित महसूस करें।
- आर्थिक तंगी के ग्रसित टैलेंटेड कलाकारों को अभ्यास के लिए प्रोत्साहन राशि अनुदान के रूप में दी जाये।
- झारखंड के वैसे कलाकार, जो देश-विदेश में अपने राज्य का नाम रौशन कर चुके हैं, को उचित प्रोत्साहन दिया जाए।
- झारखंड सरकार के कला एवं सांस्कृतिक विकास मंत्रालय द्वारा कलाकारों की समस्या के निदान हेतु एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए जिसमें कलाकर अपनी समस्याओं को आसानी से रख सकें।
इस अवसर पर मुख्य रूप से आशुतोष द्विवेदी, शिवम मनोहरन, नीरज मिश्रा, महादेव पांडेय, अमित कुमार, सुकंठ,आयुषी, संजय साहू, संजीव कुमार आदि कई कलाकार मौजूद थे। यह जानकारी संजय पुजारी ने दी।
यह भी पढ़ें: UP Election: ये हैं सपा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा, सैफ अली खान के सॉन्ग पर देखिये इनका जबर्दस्त डांस