दिल्ली में आप की हार के बाद भगवंत मान की कुर्सी पर मंडराया खतरा, बैठने वाले हैं केजरीवाल?

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की प्रचंड हार के बाद अब कयास लगने लगे हैं कि पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल पंजाब का रुख करने वाले हैं। तो क्या पंजाब के सीएम भगवंत मान की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है? सच्चाई जो भी हो, दिल्ली चुनाव के बाद इसकी चर्चा जरूर होने लगी है। इस चर्चा की शुरुआत की है पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने। बाजवा का कहना है कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल अब पंजाब के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। बाजवा ने अपने बयान में पंजाब सरकार के मंत्री और आप के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा की हालिया टिप्पणी का भी हवाला देते हुए यह बयान दिया है। अमन अरोड़ा ने कहा था कि पंजाब में कोई हिंदू भी मुख्यमंत्री बन सकता है। इसका मतलब है कि आप को पहले से इस बात का अंदाजा था कि आप की दिल्ली में क्या दुर्गति होने वाली है। इसलिए अमन अरोड़ा के माध्यम से ही सही, उसने पहले से पंजाब के भावी मुख्यमंत्री के बारे में प्रचारित करवा दिया। हालांकि कि अरोड़ा ने साथ में यह भी भविष्यवाणी कर दी थी कि जल्द ही पंजाब आप में सत्ता का संघर्ष छिड़ सकता है। अगर पंजाब की सत्ता में किसी प्रकार की छेड़छाड़ होती है तो आप के कई विधायक पार्टी भी छोड़ सकते हैं। ऐसा भी हो सकता है कि भगवंत मान आप नेतृत्व के खिलाफ भी खड़े हो सकते हैं। खैर, वास्तविकता क्या है, इसके लिए थोड़ा इन्तजार करना होगा। वैसे, यह राजनीति है, राजनीति में कुछ भी संभव है।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: ‘0’ की हैट्रिक बनाकर भी कांग्रेस ने आप को दिल्ली में कराया ‘बाप-बाप’, सेनापति तो गया, गढ़ भी नहीं बचा