हत्यारे की तलाश में बनारस जा रही रांची की पुलिस
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस-झारखंड-बिहार
बीआईटी मेसरा की छात्रा पल्लवी कुमारी की जिस बेहरमी से हत्या की गयी है, उससे यही साबित होता है कि आफताब जैसे हत्यारे हर जगह मौजूद है। बिहार के भागलपुर में नीलम देवी की काट-काट कर हत्या चर्चा में तो है ही। झारखंड के रांची के बीआईटी मेसरा की पल्लवी कुमारी को भी जगह-जगह काट कर हत्या यह बताती है कि देश की ‘श्रद्धाएं’ कही भी ‘आफताबों’ से सुरक्षित नहीं हैं। हत्या मामले में टाटीसिल्वे थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है और हत्यारे की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। हत्या का आरोप पीयूष तिवारी पर लगा है। दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पिता विजय राम ने पीयूष तिवारी पर हत्या का आरोप लगाया है।
पीयूष तिवारी के मोबाइल लोकेशन से उसके बनारस में होने की सम्भावना है। रांची पुलिस पीयूष तिवारी की तलाश में बनारस जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आश्वासन दिया है कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीयूष का मोबाइल लोकेशन किया गया ट्रेस
वहीं घटना में शामिल आरोपी पीयूष तिवारी का मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया गया है। इस आधार पर पुलिस को पता चला है कि वह बनारस पहुंच चुका है। रांची पुलिस उसको गिरफ्तार करने के लिए बनारस जाएगी। पीयूष को आरोपी बनाते हुए 302 (मर्डर) का केस दर्ज किया गया है।
पीयूष का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पीयूष का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद वह भाग गया है। मंगलवार की सुबह उसने अपनी मां को कॉल भी किया था।
पल्लवी की हत्या से स्थानीय लोगों में उबाल
टाटीसिलवे थाना पुलिस को आरा गेट स्थित रेलवे ट्रैक के समीप से पल्लवी कुमारी का शव बरामद किया था। पल्लवी बरियातू थाना क्षेत्र में कुसुम बिहार रोड नंबर नौ की निवासी थी। उसके पिता विजय राम और मां मधु देवी रिम्स में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी हैं। पल्लवी की मौत की खबर मिलने के बाद आक्रोशित मुहल्ले के लोग रिम्स पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंचे और महिलाओं ने थाने का भी घेराव किया। स्थानीय बरियातू थाना के प्रभारी ज्ञान रंजन ने लोगों को शांत कराकर हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि हत्या वाले दिन एक युवती काले रंग की स्कूटी से दो लड़के एवं तीन अन्य दोस्तों (लड़की) के साथ वहां पहुंची थी। सभी किसी बात को लेकर आपस में झगड़ रहे थे। उसके बाद ही पल्लवी की लाश रेलवे ट्रैक पर पायी गयी।
यह भी पढ़ें: रोहिणी आचार्य के त्याग की दिल खोलकर सराहना, राजद पर हमलावर करने वाले गिरिराज भी बोले- “बेटी हो तो रोहणी आचार्य जैसी”