न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
स्पेन में 27 नवंबर से 18 दिसंबर तक होने वाली FIH महिला हॉकी राष्ट्र कप के लिए चार खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में स्थान बनाकर झारखंड का मान बढ़ाया है। झारखंड की चार बेटियां निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग देश के लिए खेलेंगी। हॉकी इंडिया के एक्सक्यूटिव डायरेक्टर आरके श्रीवास्तव और हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने यह जानकारी दी कि झारखंड की चार खिलाड़ियों ने भारतीय महिला हॉकी टीम में जगह बनायी है।
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने जतायी खुशी
झारखंड की चार खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने खुशी जताते हुए भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह झारखंड के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ओलंपिक और विश्वकप जैसे बड़े-बड़े प्रतियोगिताओं अपनी छाप छोड़ रही है। साथ ही महिला हॉकी खिलाड़ी भी खेल जगत में अपनी विशेष छाप छोड़ रही हैं।
स्पेन में 27 नवंबर से 18 दिसंबर2022 तक आयोजित एफआईएच महिला हॉकी राष्ट्र कप में भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड के चार महिला हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान ,सलीमा टेटे ,संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। झारखंड के चारो महिला हॉकी खिलाड़ियों को बधाई।। pic.twitter.com/XEjI0ij3D9
— hockeyjharkhand (@hockeyjharkhan1) November 23, 2022
चारों महिला हॉकी खिलाड़ियों के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव
भारतीय टीम में चयनित चारों खिलाड़ी पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। खूंटी की निक्की प्रधान दो ओलंपिक खेल कर झारखंड के लिए इतिहास रच चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने वर्ल्ड कप, कॉमनवेल्थ गेम, एशिया कप सहित कई बड़े-बड़े टूर्नामेंटों में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वहीं सिमडेगा की सलीमा टेटे ने भी ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशिया कप, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। सिमडेगा की ही संगीता कुमारी कॉमनवेल्थ गेम, एफआईएच हॉकी लीग में अपना जलवा बिखेर चुकी हैं। संगीता जूनियर एशिया कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं। बात करें ब्यूटी डुंगडुंग की तो, यह भी सिमडेगा से ही आती हैं। ब्यूटी 2018 से जूनियर भारतीय टीम से देश के लिए खेल चुकी है। पहली बार उनका चयन सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए हुआ है। बता दें ब्यूटी के दादा, पिता, चाचा, तीन बड़े भाई, भाभी भी राष्ट्रीय हॉकी खेल चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Jharkhand: रांची में इंजीनियर के घर पर आयकर विभाग का छापा