बिहार विधानसभा में सम्राट चौधरी ने 3.17 लाख करोड़ रुपये का बजट किया पेश

सबसे ज्यादा शिक्षा पर 61 हजार करोड़ रुपये सरकार करेगी खर्च

बिहार के वित्त मंत्री और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 3 लाख 16 हजार 895.02 करोड़ रुपयों का बजट पेश किया है। बिहार सरकारने बजट में सबसे ज्यादा 61000 करोड़ रुपये शिक्षा के क्षेत्र के लिए प्रावधान किया है। बिहार के चुनावी वर्ष के लिए यह बजट काफी खास माना जा रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 38,169 करोड़ अधिक रुपयों का प्रावधान किया है।

बिहार बजट 2025-26 में क्या है खास?

  • अगले वित्तीय वर्ष में 2 लाख 60 हजार रुपये का राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य।
  • यह पिछले वर्ष के मुकाबले 34 हजार 33 करोड़ रुपये अधिक है।
  • शिक्षा पर सबसे अधिक राशि खर्च होगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिक्षा पर 60 हजार 954 करोड़ खर्च होंगे।
  • स्वास्थ्य पर 20 हजार 335 करोड़ रुपये होंगे खर्च।
  • ग्रामीण विकास पर 16 हजार 193 करोड़ रुपयों का प्रावधान।
  • ऊर्जा के लिए 13 हजार 483 करोड़ रुपये तय किये गये हैं।
  • समाज कल्याण विभाग व अन्य विभागों पर 13 368 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
  • पटना में महिला हाट की स्थापना की जाएगी।
  • सभी पंचायतों में कन्या विवाह मंडप की स्थापना की जाएगी।
  • 534 प्रखंड़ों में से 358 प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से एक-एक डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे।
  • 21 बाजार समितियों के आधुनिकीकरण के लिए 1,289 करोड़ की लागत से योजना।
  • सभी बाजार समिति को कार्यशील किया जायेगा। 21 के बाद 17 अन्य बाजार समिति को जोड़ने का काम किया जायेगा।
  • बिहार में एमएसपी पर अरहर, मूंग और उरद दाल को खरीदने का काम करेगी।
  • सभी अनुमंडल-ब्लॉक में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना होगी।
  • सुधा के तर्ज पर सभी प्रखंडों में तरकारी सुविधा आउटलेट खोले जायेंगे। इसके लिए समिति का गठन किया जायेगा।
  • गरीब कन्याओं के विवाह हेतु सभी प्रखंडों में कन्या विवाह मंडपों का निर्माण होगा।
  • पटना में चलंत व्यायामशाला की स्थापना की जायेगी, इसमें प्रशिक्षक महिलाएं होंगी।
  • शहरों में पिंक टॉयलेट की स्थापना होगी। सभी जिलों में बस स्टैंड को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जायेगा।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: Jharkhand: पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता राज्यपाल से मिले, क्षेत्र की अनियमितताओं से कराया अवगत