Ranchi: “हिन्दू नारी जाति, भाषा, प्रान्त, वर्ग जैसे भेदों को छोड़ एकजुट हों ..’, विहिप के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में वीरेन्द्र विमल ने किया आह्वान

Ranchi: “हिन्दू नारी अबला नहीं सबला है। वह यदि श्रद्धा है, तो शक्तिस्वरूपा भी है। जैसे भगवती दुर्गा ने समस्त देवताओं की शक्ति आत्मसात् कर संपूर्ण दुर्जेय दैत्यों का संहार किया था; उसी प्रकार आज आवश्यकता है, हिन्दू नारी जाति, भाषा, प्रान्त, वर्ग, आदि भेदों में विभाजित हिन्दू शक्ति को एकत्र कर राष्ट्र, धर्म, संस्कृति एवं समाज की सुरक्षा हेतु कटिबद्ध हो। इसी कार्य हेतु विश्व हिन्दू परिषद द्वारा दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति का गठन किया गया है।”उक्त विचार विहिप (VHP)’के झारखंड- बिहार के क्षेत्र मंत्री वीरेन्द्र विमल ने शस्त्र पूजन कार्यक्रम में माता बहनों को संबोधित करते हुये व्यक्त किया।

दुर्गावाहिनी का शस्त्र पूजन कार्यक्रम आज गुरुगोविन्द सिंह नगर के देवी मंडप पथ स्थित हेसल अखाड़ा श्री हनुमान मंदिर में आयोजित था। कार्यक्रम में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्या देवी होलकर की त्रिशताब्दि तथा गोंडवाना की महारानी दुर्गावती की पंचशताब्दी के  उपलक्ष्य में उनको श्रद्धांजलि देते हुये उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेऱणा ग्रहण करने का संकल्प लिया गया।

शस्त्रपूजन में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा विहिप (VHP) के प्रान्त अध्यक्ष चन्द्रकान्त रायपत विशेष रूप से उपस्थित हुये। शस्त्रपूजन के बाद एक शोभायात्रा अखाड़ा हनुमान मंदिर से निकलकर जतरा मैदान होते हुये पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ शिव मंदिर गई और वहाँ से देवी मंडप होकर वापस लौटी। कार्यक्रम में मातृशक्ति की दीपारानी, उषा सिंह, कलावती देवी, पुष्पा देवी, रेणु अग्रवाल, फूलकुमारी, नीतू सिंह, लीला बड़ाईक, पार्वती देवी, नीलम देवी, मधु सिंह, भोला राम, बद्री झा, दिनेश कुमार, अनिल पाठक, शशि वर्मा, अनिल चौरसिया, सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष सहभागी हुये। दुर्गा चालीसा तथा हनुमान चालीसा पाठ एवं आरती के बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ।

न्यूज़ डेस्क/ समाचार प्लस, झारखंड- बिहार

ये भी पढ़ें : Jharkhand: ‘मुझे DSP और पुलिस अधिकारियों ने बांधकर पीटा…’ हवलदार के आरोप का डीएसपी ने किया खंडन

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *