Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो और रामगढ़ को दी 526 करोड़ की योजनाओं की सौगात

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो के ललपनिया मैदान में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बोकारो और रामगढ़ जिलों को करोड़ों रुपयों की योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंईयां सम्मान योजना की दूसरी किस्त का भी वितरण किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो में 74.34 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन, 451.59 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास समेत कुल 526 करोड़ की योजनाओं की सौगात दोनों जिलों को दी। इसके साथ ही सीएम ने 442.90 करोड़ की परिसम्पत्तियों का वितरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, मंत्री बेबी देवी, मंत्री इरफान अंसारी, विधायक अनूप सिंह और लम्बोदर महतो भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सम्बोधन में सशक्त राज्य के लिए गांवों को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि गांव मजबूत होंगे तभी हम मजबूत होंगे। इसीलिए हम शहरों में नहीं, गांवों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

हमें झारखंड के लोगों की चिंता है। इसीलिए कोरोना के दो साल में भी हमने लोगों के लिए अपना काम रुकने नहीं दिया। हमने बाहर फंसे झारखंड के लोगों को लाने का काम किया और उनकी हर प्रकार से मदद की। कोरोना में हमारे  दो मंत्रियों की जान भी चली गयी।

मुख्यमंत्री हेमंत ने अपने सम्बोधन में विपक्ष पर हमला भी किया। उन्होंने कहा कि हम काम कर रहे हैं और उन्होंने हमारी सरकार गिराने का काम किया। हम मजदूरों के लिए काम करने लगे तो हमें जेल में डाल दिया। मगर जिसके साथ आपका आशीर्वाद हो उसे कुछ नहीं कर पायेगा।

सीएम ने अपनी योजनाओं पर भी बात कही। उन्होंने कहा कि हमने 18 से 49 साल की महिलाओं को सम्मान राशि से जोड़ने का काम किया है। आज हम करमा से पहले हम बहन-बेटियों के खाते में राशि दे रहे हैं। आप पर्व खुशी के साथ मनाइए। उन्होंने कहा कि बेटियों की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने ले ली है, इसलिए राज्य की बेटियों की पढ़ाई रुकनी नहीं चाहिए। हमने 10 लाख बच्चियों को सावित्री फुले बाई योजना से जोड़ने का काम किया है। हमने सर्वजन पेंशन योजना से गरीब परिवारों को जोड़ा है। अब आपको किसी से उधार लेने की जरूरत नहीं है। आने वाले पांच साल में हम हर परिवार को 1 लाख रुपये साल में देंगे। हमने झारखंड को सशक्त बनाने का बीड़ा उठाया है और हम इसे सशक्त बनायेंगे भी।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: Jharkhand: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची आगमन पर राजधानी में No Fly Zone घोषित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *