Jharkhand: तीसरे चरण में 93 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, भाग्य का फैसला करेंगे 82 लाख वोटर

93 candidates are in the fray in the third phase, 82 lakh voters will decide their fate

राज्य की चार लोकसभा सीटों गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में शनिवार को मतदान होगा। देश के आठ राज्यों की जिन 58 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें झारखंड की चारों सीटें  भी शामिल है। इन सीटों पर 93 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा  रहे हैं। इन 93 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 82,16,506 मतदाता करेंगे। इनमें 42,06,926 पुरुष और 40,09,290 महिला मतदाता हैं। शनिवार की वोटिंग के लिए कुल 8963 बूथ बनाये गये हैं। इनमें 1319 बूथ शहरी क्षेत्र में और 3685 बूथ ग्रामीण इलाके में हैं। इनमें 2 लाख 44 हजार फर्स्ट टाइम वोटर हैं। शनिवार को झारखंड के तीसरे चरण का मतदान होगा।

रांची लोकसभा में भाजपा-कांग्रेस में मुकाबला

रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के संजय सेठ और कांग्रेस की यशस्विनी सहाय के बीच मुकाबला है। संजय सेठ दूसरी बार संसदीय चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की सुपुत्री यशस्विनी सहाय पहली बार चुनाव मैदान में उतरी है। रांची में कुल 21,97,331 मतदाता हैं। इनमें 11,12,524 पुरुष और 10,84,738 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2377 बूथ हैं। इनमें 949 शहरी क्षेत्र में और 1428 ग्रामीण इलाके में हैं।

जमशेदपुर में भाजपा और झामुमो आमने सामने

जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र भाजपा के विद्युत वरण महतो का सीधा मुकाबला झामुमो के समीर मोहंती के साथ है। विद्युत वरण महतो जमशेदपुर से दो बार के सांसद है। वह लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरे हैं। जमशेदपुर में कुल 18,69,278 मतदाता हैं। इनमें 9,37,412 पुरुष और 9,31,733 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1887 बूथ हैं। इनमें 688 शहरी क्षेत्र में और 1199 ग्रामीण इलाके में हैं।

धनबाद में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने

धनबाद लोकसभा सीट पर भाजपा के ढुल्लू महतो और कांग्रेस की अनुपमा सिंह के साथ सीधा मुकाबला है। यहां कुल 22,85,237 मतदाता तय करेंगे कि धनबाद से वे किसे विजयी बना रहे हैं। इन मतदाताओं में 11,96,501 पुरुष और 10,88,656 महिला मतदाता हैं। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2539 बूथ हैं। इनमें 1316 शहरी क्षेत्र में और 1223 ग्रामीण इलाके में हैं। धनबाद लोकसभा सीट पर कुल 25 प्रत्याशी हैं।

गिरिडीह में आजसू और झामुमो के बीच मुकाबला

गिरिडीह लोकसभा सीट पर दो क्षेत्रीय पार्टियां आमने-सामने हैं। एनडीए के आजसू उम्मीदवार और वर्तमान सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं उनके सामने इंडी गठबंधन के झामुमो उम्मीदवार मथुरा महतो हैं। यहां 16 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 8,64,660 मतदाता करेंगे। इनमें 9,60,489 पुरुष और 9,04,163 महिला मतदाता हैं। गिरिडीह संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2160 बूथ हैं। इनमें 408 शहरी क्षेत्र में और 1762 ग्रामीण इलाके में हैं।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें:  Jharkhand: पारम्परिक तरीके से सम्मान कर रांची के मतदान केन्द्रों पर भेजी गयीं पोलिंग पार्टियां

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *