महाकुंभ में 50 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने के बीच आयी बड़ी खबर, राहुल-प्रियंका 16 फरवरी को पहुंचेंगे प्रयागराज

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से रिकॉर्ड तोड़ खबर के बीच बड़ी खबर यह आ रही है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 16 फरवरी को प्रयागराज के महाकुम्भ में स्नान करने के लिए पहुंच रहे हैं। महाकुंभ का 14 फरवरी को 33वां दिन था, यह महाकुम्भ ही नहीं, किसी भी एक जगह पर एकत्र विशाल जनसमुदाय के एकत्र होने के लिहाज से बड़ा दिन बन गया। 13 जनवरी से अब तक 50 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, जो दुनिया के किसी भी आयोजन में सबसे ज्यादा भीड़ जुटने की रिकॉर्ड है। यहां सबसे ज्यादा 7.64 करोड़ लोगों ने 29 जनवरी के दिन मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान किया था। कुंभ अभी 11 दिन और चलेगा, ऐसे में ये आंकड़ा नये स्तर को छू सकता है।

राहुल-प्रियंका 16 फरवरी को जाएंगे कुंभ

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस राहुल गांधी और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी 16 फरवरी को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। वे संगम में स्नान भी करेंगे। महाकुंभ में विशिष्ट जनों के स्नान करने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार कोमहाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने परिवार के साथ स्नान किया। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी कुंभ में पहुंचे थे। इससे पहले गुरुवार को अभिनेता विवेक ओबेरॉय, विक्की कौशल, कांग्रेस नेता सचिन पायलट, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्नान किया। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह अपने बेटे के साथ भी संगम में स्नान कर चुके हैं।

न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार

यह भी पढ़ें: झारखंड में अभी मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी, कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण होगी बारिश