झारखंड के पांच प्रवासी मजदूरों का पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में अपहरण कर लिया गया है। यह खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्शन लिया है। सीएम हेमंत ने मजदूरों के परिजनों की सहायता की अपील पर विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है। मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से आग्रह है । नाइजर में अगवा किए गए झारखंड के हमारे प्रवासी भाइयों को मदद पहुंचाने की कृपा करें। इधर बगोदर के पूर्व विधायक सह माले नेता बिनोद सिंह ने अगवा किये गये मजदूरों के परिजनों से मुलाकात की है और उन्हें मजदूरों की शीघ्र रिहाई का आश्वासन दिया है।
अपहृत मजदूरों में गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो पंचायत के संजय महतो, फ़लजित महतो, राजू महतो, चंद्रिका महतो और मुंडरो पंचायत के उत्तम महतो शामिल हैं। ये सभी कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थे। यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार