बलूचिस्तान के बोलन जिले के पास अगवा की गयी जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को आतंकवादियों से मुक्त कराने का अभियान चल रहा है। पाकिस्तान से आ रही खबरों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने अपहरण के दूसरे दिन कम से कम 155 यात्रियों को बचा लिया और इस अभियान में 27 आतंकवादी मार गिराये गये हैं। बता दें कि मंगलवार को क्वेटा से लगभग 157 किलोमीटर दूर मशकफ सुरंग के पास आतंकवादियों ने जाफर एक्सप्रेस पर धावा बोल लिया और 6 सेना के जवानों को मारने के साथ 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया।
सरकारी रेडियो पाकिस्तान ने बुधवार को सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों से अब तक लगभग 155 यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, को बचाने का दावा किया है। सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अब तक 27 आतंकवादियों को मार गिराया है, जबकि शेष हमलावरों को खत्म करने का अभियान जारी है। 37 घायलों को चिकित्सा उपचार के लिए भेजा गया है।
यह अपहरण अपनी तरह की पहली घटना है, क्योंकि आतंकवादियों ने पहले कभी हमला करने या पूरी ट्रेन और उसके यात्रियों को बंधक बनाने का प्रयास नहीं किया था। प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है, और बड़ी संख्या में लोगों को बंधक बनाने का दावा किया है। समूह ने यह भी दावा किया है कि उन्होंने महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों को मुक्त किया है, लेकिन इन रिपोर्टों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया और फैंस के लिए बुरी खबर! क्या खत्म होने वाला है जसप्रीत बुमराह का करियर!