त्यौहारों का मौसम खत्म होते ही भाजपा फिर से राजनीति को लेकर सक्रिय हो गयी है। कवायद तो यह है कि भाजपा को शीघ्र राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। इसके साथ ही पार्टी संगठनात्मक बदलाव की बड़ी तैयारी कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि पार्टी जल्द ही कई प्रदेशों के लिए नये अध्यक्षों की घोषणा कर सकती है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। बता दें कि जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया था, इसके बाद भाजपा अभी तक नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नहीं कर पायी है। फिर भी माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर विमर्श शुरू होगा।
भाजपा की 37 संगठनात्मक इकाइयों में से 19 में नये अध्यक्ष की नियुक्ति होनी है। जिनमें से अब तक 14 राज्यों में नये नाम घोषित किये जा चुके हैं। अब दिल्ली, हरियाणा और झारखंड के नये प्रदेश अध्यक्ष के लिए मंथन चल रहा है। सम्भव है कि पार्टी अगले सप्ताह से चरणबद्ध तरीके से इनके नामों का ऐलान करे।
चाहे राष्ट्रीय अध्यक्ष हों या प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा इन अधिकारियों की नियुक्ति में देरी की वजह भी बता रही है। विधानसभा चुनावों, महाकुंभ, संसद के बजट सत्र और प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के कारण प्रक्रिया में देरी हुई है। अब तमिलनाडु दौरे के बाद प्रधानमंत्री की सक्रियता बढ़ने से अध्यक्षों की घोषणा का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए संघ और अन्य वैचारिक सहयोगियों को भी विश्वास में लिया जा रहा है।
न्यूज डेस्क/ समाचार प्लस – झारखंड-बिहार
यह भी पढ़ें: देश को मिला पहला वर्टिकल सी ब्रिज, पीएम मोदी ने तमिलनाडु में पंबन ब्रिज का किया उद्घाटन