रांची: राजधानी रांची के नामकुम अंचल कार्यालय से म्यूटेशन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों के गायब होने और उनमें कथित हेरफेर के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने मंगलवार देर रात मामले में नामजद तत्कालीन अंचल निरीक्षक (CI) मनोज कुमार और तत्कालीन क्लर्क दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई जांच के क्रम में हुई है। नामकुम अंचल कार्यालय से म्यूटेशन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों के गायब होने को लेकर ACB के रांची थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेज गायब होने का मामला
पूरा मामला एक म्यूटेशन प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें अंचल कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के गायब होने की शिकायत सामने आई थी। दस्तावेजों के गायब होने और कथित हेरफेर को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच ACB को सौंपी गई थी।
इस मामले में नामकुम अंचल की तत्कालीन CO श्वेता वर्मा, तत्कालीन CI मनोज कुमार, तत्कालीन क्लर्क दीपक कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की तैयारी
ACB अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मनोज कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों और कथित रूप से संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ACB की इस कार्रवाई के बाद नामकुम अंचल कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों के गायब होने के मामले में जांच और तेज होने की संभावना है। अब जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि महत्वपूर्ण दस्तावेज किस परिस्थिति में गायब हुए और इस पूरे प्रकरण में किन-किन लोगों की भूमिका रही।