रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ बाजार में रविवार शाम साप्ताहिक हाट के दौरान युवती से छेड़खानी के आरोप को लेकर विवाद हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर बंधक बना लिया। दोनों युवक गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सीरिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवकों पर हाट में एक युवती से छेड़खानी करने का आरोप है। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर रामगढ़ के धोबा गांव स्थित मांझी थान ले जाकर रस्सी से बांध दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीण दोनों युवकों के परिजनों को मौके पर बुलाने और गांव में पंचायत के जरिए मामले का समाधान करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।